बोले- कांग्रेस समाज को जोड़ने व भाजपा तोड़ने की करती है राजनीति | Himachal Assembly Election 2022: Gurkirat Singh Kotli's public meeting in Parwanoo

परवाणूएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक
परवाणू में जनसभा के दौरान पंजाब के पूर्व मंत्री व हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकिरत सिंह कोटली। - Dainik Bhaskar

परवाणू में जनसभा के दौरान पंजाब के पूर्व मंत्री व हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकिरत सिंह कोटली।

हिमाचल के सोलन स्थित कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू में पंजाब के पूर्व मंत्री व हिमाचल कांग्रेस के सह प्रभारी गुरकिरत सिंह कोटली ने कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाज को जोड़ने का काम करती है। जबकि इसके उलट भाजपा समाज को तोड़ने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।

जनसभा को पहले राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने संबोधित करना था, परंतु समय के अभाव के चलते वे नहीं आ पाए। जिसके बाद अपने संबोधन में कोटली ने लोगों से प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में हवा चल रही है, ऐसे में विनोद सुल्तानपुरी को जिताकर कसौली का विकास सुनिश्चित करें।

हिमाचल में कांग्रेस सरकार बनने पर देश में जाएगा अच्छा मैसेज
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की ईमानदार सरकार बनने पर पूरे देश में इसका अच्छा मैसेज जाएगा। कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल को पहचान व सम्मान दिया है। कांग्रेस पार्टी नेहरू, गांधी व आयरन लेडी इंदिरा गांधी की विरासत है। कांग्रेस देश को टेक्नोलॉजी से जोड़ने वाली पार्टी है। पाकिस्तान के दो टुकड़े करने वाली पार्टी है। मनमोहन सिंह जैसे अर्थशास्त्री की पार्टी है, जिसके नेतृत्व में देश का अपार विकास हुआ है।

देश व प्रदेश का विकास कांग्रेस राज में ही संभव
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश का विकास कांग्रेस राज में ही संभव है। 12 नवंबर को कांग्रेस को वोट देकर विकास का रास्ता खोलें। इस अवसर पर पंजाब के पूर्व विधायक जीपी सिंह, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव ठाकुर दास शर्मा, जोन प्रभारी रमेश शर्मा, ऑब्जर्वर पराग गाबा, नप अध्यक्ष निशा, उपाध्यक्ष सोनिया, पार्षद लखविंदर सिंह, परवाणू कांग्रेस के अध्यक्ष रविंद्र गर्ग, कांग्रेस नेता हरीश आजाद आदि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं…
أحدث أقدم