CBI छापेमारी पर मनीष सिसोदिया बोले- सरकार तोड़ने की कोशिश में भाजपा | Delhi Deputy CM Manish Sisodia and Punjab CM Bhagwant Man in Una

ऊनाएक घंटा पहले

हिमाचल के ऊना में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रदेश की जनता को दूसरी गारंटी यानी हेल्थ गारंटी देने की घोषणा की। इस दौरान सिसोदिया ने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि देश में AAP को मिल रहे समर्थन से BJP डरी हुई है। डरा धमकाकर सरकार को तोड़ने का प्रयास हो रहा है, लेकिन हम BJP के षड्यंत्र को कामयाब नहीं होने देंगे। पिछली बार हिमाचल को शिक्षा की गारंटी दी थी।

2 दिन बाद ही मेरे घर CBI की रेड डाली गई, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। मैंने कोई बेईमानी नहीं की। ऐसे केसों व रेड से मैं डरने वाला नहीं हूं। जब CBI को कुछ नहीं मिला तो मैसेज दिया कि आप अपने विधायकों को तोड़कर ले आओ। आपको दिल्ली का CM बना देंगे। अन्यथा जेल जाना पड़ेगा। कहा कि मर जाऊंगा और सारी उम्र जेल में बिता दूंगा, लेकिन केजरीवाल से किसी कीमत पर गद्दारी नहीं करुंगा।

मनीष सिसोदिया को सुनने पहुंची जनता।

मनीष सिसोदिया को सुनने पहुंची जनता।

गुरुवार को पंजाब के CM भगवंत मान और दिल्ली के डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ऊना के झलेड़ा पहुंचे। इस दौरान मनीष सिसोदिया ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में दिल्ली का हेल्थ मॉडल लागू किया जाएगा। दिल्ली व पंजाब की तरह मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। हर नागरिक के लिए मुफ्त और अच्छे इलाज का इंतजाम। सभी दवाई, टेस्ट व ऑपरेशन मुफ्त किए जाएंगे।

हर गांव व वार्ड में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाएंगे। सभी सरकारी अस्पतालों को शानदार बनाया जाएगा। नए सरकारी अस्पताल खोले जाएंगे। सभी रोड एक्सीडेंट मरीजों को फ्री इलाज की सुविधा दी जाएगी। कहा कि AAP हिमाचल की जनता को गारंटी दे रही है। हम दूसरों की तरह चुनाव में वादे और जुमले नहीं छोड़ते हैं।

ऊना में जनता को संबोधित करते पंजाब के CM भगवंत मान।

ऊना में जनता को संबोधित करते पंजाब के CM भगवंत मान।

मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली व पंजाब की तर्ज पर हिमाचल में भी शहीद सम्मान राशि दी जाएगी। अगर सेना और हिमाचल पुलिस के जवान सेवा के दौरान शहीद होते हैं तो उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए सम्मान के तौर पर दिए जाएंगे। मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में हेल्थ सेवाओं पर 18 फीसदी बजट खर्च होता है। जबकि हिमाचल में सिर्फ 5 फीसदी। हिमाचल में हेल्थ सेवाएं बदहाल हैं।

कहा कि गांव में आज कोई बीमार हो जाता है तो उसे पालकी में उठाकर लाना पड़ता है। हिमाचल की सरकारों ने कभी जनता को बेहतर हेल्थ सुविधाएं प्रदान करने की नहीं सोची। AAP की सरकार बनने पर हिमाचल में बेहतर हेल्थ सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

ऊना में मंचासीन भगवंत मान व मनीष सिसोदिया और संदीप पाठक।

ऊना में मंचासीन भगवंत मान व मनीष सिसोदिया और संदीप पाठक।

प्राइवेट अस्पतालों को बनाया मार्केट : मान

पंजाब के CM भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस व BJP के शासन में प्राइवेट अस्पतालों को मेडिकल का मार्केट बना दिया गया है। जबकि सरकारी अस्पतालों में इलाज बंद किया गया। न वहां डॉक्टर मिलते हैं और न ही दवाएं। जिससे लोगों को मजबूरन अपनी जान बचाने के लिए प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़ता है। जहां लोग हजारों-लाखों रुपए में इलाज कराने को मजबूर हैं।

कांग्रेस व BJP के 70 सालों के शासन में लोगों को बेहतर हेल्थ सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं। आम जनता को हर चीज पर टैक्स देना पड़ता है। सुबह की चाय से लेकर रात को सोने के समय तक टैक्स लगता है। मोबाइल चलाओ तो टैक्स, बाइक चलाओ तो टैक्स, दूध–दही खाओ तो टैक्स दिया जाता है। BJP व कांग्रेस के नेता जनता के टैक्स के पैसों की लूट करते हैं। दोस्तों का करोड़ों का बैंक कर्ज माफ कर दिया जाता है।

भगवंत मान ने कहा कि राज्यसभा देश के बुद्धजीवियों, समाज सेवियों, खिलाड़ियों और पर्यावरण विदों को संसद में जगह देने के लिए है। लेकिन कांग्रेस व BJP के जिन नेताओं को जनता नकार देती है, वो राज्यसभा में पहुंच जाते हैं। जबकि AAP में ऐसा नहीं है। AAP ने खिलाड़ियों व पर्यावरण विदों को राज्यसभा भेजा है। इस मौके पर राज्यसभा सांसद संदीप पाठक, प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता पंकज पंडित सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं…
Previous Post Next Post